ग्लास्गो से भारत के नाम हुआ कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा, अब अहमदाबाद करेगा 2030 की मेजबानी
रंगारंग समापन समारोह में भारत को सौंपी गई मेजबानी की जिम्मेदारी; शताब्दी संस्करण में इतिहास रचेगा भारत
ग्लास्गो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का ग्लास्गो में रंगारंग समापन समारोह के साथ समापन हो गया। समारोह के दौरान स्कॉटलैंड ने आधिकारिक रूप से कॉमनवेल्थ गेम्स का ध्वज और बैटन भारत को सौंप दिया। अब 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी अहमदाबाद करेगा। इन खेलों के शताब्दी संस्करण के आयोजन के साथ भारत के पास इतिहास रचने का मौका होगा।
भारत ऑस्ट्रेलिया के बाद एक से अधिक बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने वाला दूसरा देश बनेगा। इससे पहले भारत ने 2010 में नई दिल्ली में इन खेलों का सफल आयोजन किया था।
भारतीय संस्कृति की दिखी शानदार झलक
क्लोजिंग सेरेमनी में भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और आधुनिक सोच की शानदार प्रस्तुति दी। भारतीय कलाकारों की प्रस्तुति ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। भारतीय और स्कॉटिश कलाकारों ने संयुक्त प्रस्तुति देकर दोनों देशों की सांस्कृतिक साझेदारी को भी प्रदर्शित किया।
समारोह के अंत में ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय के प्रतिनिधि और ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग प्रिंस एडवर्ड ने आधिकारिक रूप से ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के समापन की घोषणा की।
जैस्मिन लंबोरिया रहीं भारत की ध्वजवाहक
क्लोजिंग सेरेमनी में भारत की ओर से बॉक्सर जैस्मिन लंबोरिया ध्वजवाहक रहीं। उन्होंने ग्लास्गो गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। ध्वज हस्तांतरण की औपचारिक प्रक्रिया के तहत कॉमनवेल्थ गेम्स के झंडे को पूरे परिसर में सांकेतिक रूप से ले जाया गया।
इसके बाद ग्लास्गो की लॉर्ड प्रोवोस्ट जैकलीन मैकलारेन ने झंडा कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डॉ. डोनाल्ड रुकारे, ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा और अंत में गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी को सौंपा। इसके साथ ही 2030 के आयोजन की मेजबानी की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से भारत को मिल गई।
अहमदाबाद आने का दिया न्योता
समापन समारोह में भारत की प्रस्तुति के माध्यम से दुनिया को 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद आने का निमंत्रण दिया गया। प्रस्तुति में भारतीय दर्शन, लोक संस्कृति और आधुनिक भारत की झलक पेश की गई। इसे केवल मेजबानी के हस्तांतरण के तौर पर नहीं, बल्कि 2030 के शताब्दी संस्करण के विजन के प्रदर्शन के रूप में भी देखा गया।
भारत ने जीते 39 पदक
ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय दल का प्रदर्शन शानदार रहा। भारत ने कुल 39 पदक जीते, जिसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
अब ग्लास्गो के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स का कारवां भारत की ओर बढ़ चुका है। 2030 में अहमदाबाद में होने वाला शताब्दी संस्करण भारत के लिए खेलों के साथ-साथ अपनी संस्कृति और वैश्विक क्षमता को दुनिया के सामने रखने का बड़ा अवसर होगा।


No comments:
Post a Comment