आरती बारोले, विधि खुराना और सीमा बंसल बनीं गृहलक्ष्मी मिसेज इंडिया 2026 की विजेता
सीजन-5 के ग्रैंड फिनाले में तीनों श्रेणियों में चुनी गईं विजेता, चार दिनों की ट्रेनिंग और ग्रूमिंग के बाद हुआ भव्य आयोजन
नोएडा। भारत की नंबर-1 हिंदी महिला पत्रिका ‘गृहलक्ष्मी’ की ओर से गृहलक्ष्मी मिसेज इंडिया 2026, सीजन-5 का ग्रैंड फिनाले भव्य अंदाज में आयोजित किया गया। चार दिनों तक चली ट्रेनिंग, एक्सपर्ट सेशन, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, रिहर्सल और स्टेज प्रिपरेशन के बाद आयोजित फिनाले में आरती बारोले, विधि खुराना और सीमा बंसल ने क्रमश: सिल्वर, गोल्ड और एलीट कैटेगरी में विजेता का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों की खूबसूरती के साथ उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा, व्यक्तित्व और आधुनिक भारतीय महिला के रूप में उनकी पहचान को प्रमुखता दी गई। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और व्यक्तिगत विकास के लिए प्रेरित करने पर केंद्रित रहा।
‘महिलाओं को खुद को फिर से खोजने का मंच’
गृहलक्ष्मी मैगजीन की एडिटर-इन-चीफ वंदना वर्मा ने कहा कि गृहलक्ष्मी मिसेज इंडिया केवल ताज पहनने वाली महिला की तलाश का मंच नहीं है, बल्कि महिलाओं को खुद को फिर से खोजने, अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर देने वाला मंच है।
उन्होंने कहा कि चार दिनों के दौरान 50 प्रतिभाशाली महिलाओं को अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलते, नई चीजें सीखते और एक-दूसरे का सहयोग करते हुए देखा गया। उनके अनुसार, प्रतिभागियों में आया आत्मविश्वास और बदलाव फाइनल क्राउन जितना ही महत्वपूर्ण है।
ज्यूरी में फिल्म, टीवी और फैशन जगत की हस्तियां
ग्रैंड फिनाले के लिए गठित ज्यूरी में टीवी अभिनेता अंकित गेरा, अभिनेत्री दिविता जुनेजा, फैशन डिजाइनर रेयनु टंडन, टेलीविजन निर्माता एवं निर्देशक निवेदिता बसु, डिवा पेजेंट्स के निदेशक कार्ल मस्कारेन्हास तथा अभिनेत्री, गायिका और नर्सिंग प्रोफेशनल शिखा मल्होत्रा शामिल रहीं।
ज्यूरी ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन ओवरऑल पर्सनैलिटी, आत्मविश्वास, प्रेजेंटेशन, स्टेज प्रेजेंस और प्रदर्शन जैसे विभिन्न मानकों पर किया। विजेताओं और रनर-अप के चयन में ज्यूरी की अहम भूमिका रही।
अमन वर्मा ने संभाली मेजबानी
ग्रैंड फिनाले की मेजबानी अभिनेता और सेलिब्रिटी होस्ट अमन वर्मा ने की। उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम में ग्लैमर और मनोरंजन का रंग बढ़ाया।
चार दिनों में हुआ व्यक्तित्व विकास
ग्रैंड फिनाले से पहले प्रतिभागियों के लिए चार दिवसीय ट्रेनिंग और ग्रूमिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रूमिंग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, टैलेंट, आत्मविश्वास और स्टेज प्रिपरेशन पर विशेष ध्यान दिया गया।
पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत पद्मश्री शोवना नारायण और अरोमाथेरेपी एक्सपर्ट डॉ. ब्लॉसम कोचर की मौजूदगी में हुई। विशेषज्ञों के सत्रों और प्रशिक्षण के जरिए प्रतिभागियों को मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व प्रस्तुत करने के लिए तैयार किया गया।


No comments:
Post a Comment