सरकारी शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिलेगा ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026’ सम्मान
मेरठ। डालमिया भारत फाउंडेशन के सहयोग से संचालित अलाभकारी शैक्षिक संगठन सीखो सिखाओ फाउंडेशन (एसएसएफ) ने उत्तर प्रदेश की सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और ब्लॉक संसाधन केंद्रों को सम्मानित करने के लिए ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026’ के पहले संस्करण की घोषणा की है। पुरस्कारों के लिए आवेदन 21 अगस्त से शुरू होकर 20 सितंबर 2026 तक किए जा सकेंगे।
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों को शामिल करते हुए इस राज्यस्तरीय पहल का उद्देश्य सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था में बदलाव लाने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को पहचान दिलाना है। पुरस्कार शिक्षण एवं प्रशिक्षण, विद्यालय प्रबंधन, सामुदायिक सहभागिता और विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों में उल्लेखनीय योगदान को ध्यान में रखकर दिए जाएंगे।
पुरस्कारों में शिक्षक पुरस्कार, विद्यालय पुरस्कार, ग्राम पंचायत पुरस्कार, बीआरसी पुरस्कार और बालिका शिक्षा पुरस्कार पांच श्रेणियां शामिल हैं। पहली चार श्रेणियों में सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था के प्रमुख स्तंभों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं राज्यस्तरीय बालिका शिक्षा पुरस्कार ऐसे शिक्षक को दिया जाएगा, जो शिक्षित और सशक्त बालिका के दृष्टिकोण को प्रभावी रूप से आगे बढ़ा रहा हो।
सीखो सिखाओ फाउंडेशन की संस्थापक अनुपमा डालमिया ने कहा कि शिक्षा में स्थायी बदलाव किसी एक संगठन के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए शिक्षक, अभिभावक, समुदाय और सरकारी व्यवस्थाओं को मिलकर बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स’ इसी सामूहिक प्रयास को पहचान देने और मजबूत करने की पहल है।
डालमिया भारत फाउंडेशन के सीईओ अशोक गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ऐसी पहलों के समर्थन में है, जो समुदाय के स्तर पर स्थायी प्रभाव पैदा करती हैं। पुरस्कारों के माध्यम से उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव ला रहे लोगों और प्रभावी कार्यप्रणालियों को सामने लाया जाएगा।
चार भौगोलिक क्षेत्रों—पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वांचल—के आधार पर नामांकनों का मूल्यांकन किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र से हर श्रेणी में एक विजेता और एक उपविजेता चुना जाएगा। राज्यस्तरीय बालिका शिक्षा पुरस्कार को मिलाकर पहले संस्करण में कुल 17 विजेताओं और 16 उपविजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कारों का एक उद्देश्य शिक्षा क्षेत्र में प्रभावी और अन्य क्षेत्रों में लागू किए जा सकने वाले प्रयासों का दस्तावेजीकरण कर ‘स्टेट प्लेबुक’ तैयार करना भी है। इससे सफल प्रयोगों और बेहतर कार्यप्रणालियों को प्रदेश के अन्य हिस्सों में अपनाने का अवसर मिलेगा।
पहले ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026’ के विजेताओं की घोषणा 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित समारोह में की जाएगी। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों से ऑनलाइन नामांकन www.seekhosikhao.org पर किया जा सकता है।


No comments:
Post a Comment