खेल महोत्सव-2026 में पहलवानों ने दिखाया दम, कुश्ती प्रतियोगिता का सफल आयोजन
सीसीएसयू के रुस्तम-ए-दारा सिंह कुश्ती परिसर में हुए मुकाबले, खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में किया शानदार प्रदर्शन
मेरठ। मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में पंख हौसलों की उड़ान स्वयंसेवी संस्था की ओर से आयोजित खेल महोत्सव-2026 के तहत कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ स्थित रुस्तम-ए-दारा सिंह कुश्ती परिसर में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों और खेल संस्थानों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
विभिन्न भार वर्गों में आयोजित मुकाबलों में पहलवानों ने कड़े संघर्ष के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन और जीत के लिए उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में कुश्ती के वरिष्ठ कोच जबर सिंह सोम और पंख हौसलों की उड़ान स्वयंसेवी संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और निरंतर मेहनत व अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना शर्मा ने कहा कि खेल महोत्सव-2026 का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि बालक और बालिकाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की ओर ले जाना भी संस्था की प्राथमिकता है। भविष्य में भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रहेंगी।
मुख्य अतिथि जबर सिंह सोम ने कहा कि कुश्ती देश की गौरवशाली खेल परंपरा का हिस्सा है। ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयास की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता निदेशक अशोक त्रिपाठी ने कहा कि खेल महोत्सव में खिलाड़ियों की बड़ी संख्या में भागीदारी उत्साहजनक है। कुश्ती प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाओं को अवसर देने के साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर श्रीपाल, देवेंद्र सिंह धामा, दिव्या तोमर, कवितपाल, रजनीश मित्तल, मनु तोमर सहित खेल प्रेमी, प्रशिक्षक, अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति की ओर से अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।


No comments:
Post a Comment