कर्ज के बोझ ने उजाड़ा परिवार, पुणे में पति-पत्नी और 19 वर्षीय बेटी की मौत
पुणे। महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ में आर्थिक संकट और कर्ज के बढ़ते बोझ से परेशान एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विनोद पिल्लई, उनकी 45 वर्षीय पत्नी शीलजा पिल्लई और 19 वर्षीय बेटी पूर्णिमा पिल्लई के रूप में हुई है। पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें आर्थिक संकट और कर्ज को घटना की वजह बताया गया है।
घटना मोरवाड़ी स्थित करिश्मा ग्लोरी सोसाइटी की है। केरल मूल का पिल्लई परिवार यहां किराये के फ्लैट में रहता था। पुलिस के मुताबिक, तीनों को रविवार को अचेत अवस्था में पाया गया। उन्हें तत्काल वाईसीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने विनोद पिल्लई को पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। उपचार के दौरान उनकी पत्नी शीलजा और बेटी पूर्णिमा की भी रविवार सुबह मौत हो गई।
आर्थिक संकट का किया गया जिक्र
पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इसमें परिवार ने गंभीर आर्थिक संकट और बढ़ते कर्ज के कारण जीवन मुश्किल होने का उल्लेख किया है। हालांकि पुलिस नोट की सत्यता और उसमें दर्ज तथ्यों की पुष्टि कर रही है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस परिवार की आर्थिक स्थिति और उन परिस्थितियों का भी पता लगा रही है, जिनके चलते यह दर्दनाक घटना हुई।


No comments:
Post a Comment