भारतीय एथलेटिक्स सीरीज-15 के लिए कैलाश प्रकाश स्टेडियम तैयार, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मेरठ। आगामी 2 सितंबर को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली भारतीय एथलेटिक्स सीरीज-15 की तैयारियों का बुधवार को निरीक्षण किया गया। भारतीय एथलीट संघ के सदस्य संदीप मेहता ने स्टेडियम पहुंचकर प्रतियोगिता से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला, सचिव नरेंद्र कुमार और कोषाध्यक्ष नीरज कुमार मौजूद रहे। निरीक्षण मंडल का नेतृत्व खेलकूद अधिकारी जितेंद्र यादव ने किया। प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कोच गौरव त्यागी और विक्रम सिंह भी उपस्थित रहे।
संदीप मेहता ने खिलाड़ियों के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम, शौचालय, नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) कक्ष, तकनीकी इनफॉरमेशन सेंटर, वार्मअप एरिया और सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतियोगिता से पहले पूरी की जा रही तैयारियों और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद संदीप मेहता ने स्टेडियम की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मेरठ राष्ट्रीय स्तर की इस एकदिवसीय प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment