धारा 151 में कार्रवाई पर कांग्रेस का विरोध, एसडीएम कार्यालय पर धरना
मेरठ। कालंद गांव के स्कूल का वीडियो बनाने के मामले में एडवोकेट संयम पांचाल और उनके साथी अयान मिर्जा को धारा 151 के तहत जेल भेजे जाने के विरोध में कांग्रेस ने सरधना तहसील में प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव भाटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पर धरना दिया और दोनों युवकों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी निरस्त कर निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि संयम पांचाल और अयान मिर्जा के खिलाफ गलत तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर एकतरफा कार्रवाई की गई है। उनका कहना है कि संयम क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों की व्यवस्थाओं और शिक्षा संबंधी समस्याओं को सामने लाने के लिए वीडियो बना रहे थे। इसी को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
ज्ञापन देने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और एसडीएम सरधना उदित नारायण शंकर के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एसडीएम ने उनकी बात सुने बिना ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया और अपने चैंबर में चले गए। इसके बाद कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की।
बाद में एसडीएम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का ज्ञापन लिया और मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भाटी ने चेतावनी दी कि यदि दोनों युवकों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी निरस्त नहीं की गई और निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो कांग्रेस तहसील से लेकर जिला स्तर तक आंदोलन करेगी।
भाटी ने कहा कि धारा 151 के मामलों में आमतौर पर एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल जाती है, ऐसे में संयम और अयान को जेल भेजने की कार्रवाई पर सवाल उठता है। उन्होंने कहा कि युवकों ने शिक्षा व्यवस्था की स्थिति सामने लाने के उद्देश्य से वीडियो बनाया था और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई की जांच होनी चाहिए।


No comments:
Post a Comment