मेडा का 15 अगस्त पर तोहफा: 201 भूखंडों की होगी ई-नीलामी, घर से कारोबार तक का मौका
मेरठ। स्वतंत्रता दिवस के बाद अपना घर बनाने या कारोबार शुरू करने का सपना देख रहे लोगों के लिए मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) बड़ी सौगात देने जा रहा है। मेडा विभिन्न योजनाओं में 201 भूखंडों की ई-नीलामी करेगा। इनमें 70 आवासीय और 131 व्यावसायिक भूखंड शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही ई-ऑक्शन के लिए टोकन मनी जमा करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
फ्लैट के बजाय अपनी पसंद के अनुसार घर बनाने के लिए भूखंड खरीदने का रुझान बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए मेडा ने अपनी विभिन्न योजनाओं में उपलब्ध भूखंडों को ई-नीलामी में शामिल किया है। इन भूखंडों को लैंड मोनेटाइजेशन के तहत नियोजित किया गया है।
70 आवासीय भूखंडों पर घर बनाने का मौका
मेडा की ई-नीलामी में कुल 70 आवासीय भूखंड शामिल किए गए हैं। इनमें गंगानगर के 30, शताब्दीनगर के 38, डिफेंस एन्क्लेव के चार और पांडव नगर का एक भूखंड शामिल है।
इन भूखंडों के जरिए लोगों को अपनी जरूरत और पसंद के मुताबिक मकान बनाने का अवसर मिलेगा।
131 व्यावसायिक भूखंडों से कारोबार का मौका
व्यावसायिक श्रेणी में कुल 131 भूखंड ई-ऑक्शन में रखे जाएंगे। इनमें गंगानगर में 35, वेदव्यासपुरी में 30, सैनिक विहार में 16, लोहियानगर में 31, डिफेंस एन्क्लेव में सात, स्पोर्ट्स गुड्स कॉम्पलेक्स में चार, श्रद्धापुरी फेस-2 में तीन, पल्लवपुरम में दो, रक्षापुरम में दो और पांडव नगर में एक भूखंड शामिल है।
इन भूखंडों के जरिए व्यापारियों और कारोबारियों को शहर की प्रमुख योजनाओं में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने का अवसर मिल सकेगा।
जल्द शुरू होगी टोकन मनी जमा करने की प्रक्रिया
मेडा अधिकारियों के अनुसार ई-ऑक्शन में शामिल होने के लिए जल्द ही टोकन मनी जमा करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद इच्छुक लोग निर्धारित प्रक्रिया के तहत भूखंडों की ई-नीलामी में भाग ले सकेंगे।
मेडा वीसी संजय कुमार मीना ने बताया कि विभिन्न योजनाओं में लोकेशन के लिहाज से उपयोगी भूखंड उपलब्ध हैं। एमआईजी और एचआईजी श्रेणी के इन भूखंडों से लोगों की आवासीय जरूरतों के साथ-साथ व्यावसायिक आवश्यकताएं भी पूरी होंगी।
201 भूखंडों की ई-नीलामी के जरिए मेडा एक ओर अपनी योजनाओं में उपलब्ध संपत्तियों का बेहतर उपयोग करेगा, वहीं दूसरी ओर लोगों को घर और कारोबार के लिए अपनी पसंद की जगह चुनने का मौका मिलेगा।


No comments:
Post a Comment