कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ में CCSU की खास मौजूदगी

CM योगी ने देखा विश्वविद्यालय का नवाचार मॉडल


मेरठ/आगरा, 26 जुलाई। उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का भव्य शुभारंभ रविवार को आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। योजना के तहत उच्च शिक्षा से जुड़े शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU), मेरठ की ओर से विशेष स्टॉल लगाया गया, जिसमें विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, शोध, नवाचार, तकनीकी एवं संस्थागत पहलों को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के स्टॉल का अवलोकन किया और उच्च शिक्षा एवं समकालीन आवश्यकताओं के अनुरूप विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रो. दिनेश चंद्र शर्मा, डॉ. योगेंद्र कुमार गौतम और डॉ. जितेंद्र गोयल उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष विश्वविद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।

इस दौरान विश्वविद्यालय में महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से स्थापित शटलकॉक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और बैडमिंटन निर्माण इकाई की विशेष रूप से सराहना की गई। इन इकाइयों के माध्यम से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

सीसीएसयू के रसायन विज्ञान विभाग की ओर से ताप-संवेदनशील उच्च-प्रभाव लेमिनेटेड ग्लास, तापरोधी ग्लास, दीमकरोधी हरित नैनोकण और कंक्रीट की स्व-उपचार तकनीक का भी प्रदर्शन किया गया।

विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि सीसीएसयू प्रदेश में उच्च शिक्षा को तकनीकी नवाचार, शोध, कौशल विकास, डिजिटल पहल और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। विश्वविद्यालय वर्तमान में NAAC A++ मान्यता प्राप्त है और 700 से अधिक संबद्ध महाविद्यालयों के व्यापक अकादमिक नेटवर्क के साथ कार्य कर रहा है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि सीसीएसयू प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा संबंधी नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रतिबद्ध है। ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उच्च शिक्षा जगत से जुड़े परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार मिलेगा।

कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, शिक्षक एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts