होर्मुज जलडमरूमध्य में नेवल माइंस से टकराया तेल टैंकर, भीषण विस्फोट से मचा हड़कंप
ईरान के तय नेविगेशन रूट से हटने के बाद हादसा होने का दावा, टैंकर के देश और गंतव्य की जानकारी नहीं
तेहरान। होर्मुज जलडमरूमध्य में एक तेल टैंकर के नेवल माइंस से टकराने के बाद भीषण विस्फोट होने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, टैंकर ईरान की ओर से निर्धारित नेविगेशन रूट से हट गया था, जिसके बाद वह समुद्र में बिछी माइंस की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि ईरान पहले ही कई बार चेतावनी दे चुका था कि उसके द्वारा निर्धारित समुद्री मार्ग से हटकर चलने वाले जहाज किसी भी संभावित घटना के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विस्फोट का शिकार हुआ तेल टैंकर किस देश का था और वह किस गंतव्य के लिए रवाना हुआ था।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका और इजरायल के 28 फरवरी के हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अपनी समुद्री निगरानी और नियंत्रण मजबूत करने के लिए समुद्र में नेवल माइंस बिछाई थीं। टैंकर के माइंस से टकराने की घटना के बाद क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने या टैंकर को हुए नुकसान की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।


No comments:
Post a Comment