कांटे की टक्कर में प्रेसिडेंट इलेवन बनी विजेता, पेनल्टी शूटआउट में 4-1 से जीता खिताब
आईएमए मेरठ फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में सेक्रेटरी इलेवन को दी मात, डॉक्टरों ने दिया फिटनेस का संदेश
मेरठ। लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के मैदान पर रविवार को खेले गए आईएमए मेरठ फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के फाइनल मुकाबले में प्रेसिडेंट इलेवन ने रोमांचक जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। कांटे की टक्कर के मुकाबले में प्रेसिडेंट इलेवन ने सेक्रेटरी इलेवन को पेनल्टी शूटआउट में 4-1 से हराया।
मैच की शुरुआत से ही प्रेसिडेंट इलेवन ने आक्रामक खेल दिखाया। टीम के स्ट्राइकर डॉ. भानु प्रताप सिंह ने शानदार मूव बनाकर गेंद को नेट में पहुंचाया और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक प्रेसिडेंट इलेवन बढ़त बनाए रही।
दूसरे हाफ में सेक्रेटरी इलेवन ने जोरदार वापसी की। डॉ. रोहित कांबोज ने शानदार मैदानी गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।
पेनल्टी शूटआउट में प्रेसिडेंट इलेवन के कप्तान डॉ. सुमित उपाध्याय, डॉ. पंकज राठौर, डॉ. भानु प्रताप सिंह और डॉ. संजीव त्यागी ने गोल कर टीम को 4-1 से जीत दिलाई। सेक्रेटरी इलेवन की ओर से कप्तान डॉ. सौरभ अग्रवाल ही पेनल्टी को गोल में बदल सके।
पुरस्कार वितरण समारोह में बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार डॉ. सुमित उपाध्याय, गोल्डन बूट डॉ. भानु प्रताप सिंह और बेस्ट फील्डर का पुरस्कार डॉ. सौरभ अग्रवाल को मिला। विजेता टीम ने ट्रॉफी के साथ जश्न मनाया।
इस अवसर पर डॉक्टरों ने लोगों को नियमित रूप से खेल और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रोजाना 30 मिनट का नियमित व्यायाम और किसी भी खेल में भागीदारी व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।


No comments:
Post a Comment