बारिश से दिल्ली-एनसीआर हुआ बेहाल
गुरुग्राम में 40 मिनट की बारिश से सड़कें बनीं तालाबनोएडा-गाजियाबाद का भी बुरा हाल
नई दिल्ली (एजेंसी)।मंगलवार को हुई वर्षा के बाद दिल्ली में यमुनापार के अधिकांश इलाके जलभराव की चपेट में आ गए। वहीं 40 मिनट की बारिश के बाद गुरुग्राम की सड़कें भी तालाब बन गईं। वहीं नोएडा-गाजियाबाद का भी बुरा हाल है। बारिश ने जहां एक ओर लोगों को राहत दी है, वहीं जलभराव और जाम ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है।
यमुनापार के विकास मार्ग, कड़कड़डूमा, गांधी नगर, प्रीत विहार, लक्ष्मी नगर, अशोक नगर, दुर्गापुरी, शाहदरा, दिलशाद गार्डन, भजनपुरा, मौजपुर, सीलमपुर, खजूरी खास और आसपास के कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन पानी में फंस गए, जिससे प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया और यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई।
विकास मार्ग और लक्ष्मी नगर में कार्यालय जाने वाले लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। कड़कड़डूमा, प्रीत विहार और गांधी नगर में कई जगह सड़कें जलमग्न होने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। वहीं अशोक नगर, दुर्गापुरी, भजनपुरा और खजूरी खास में जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। बाजारों में भी पानी भरने से व्यापार प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष मानसून के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
गुरुग्राम में करीब 35-40 मिनट की बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। मदनपुरी, न्यू कॉलोनी, सेक्टर-47, सेक्टर-5, सेक्टर-9 और रेलवे रोड सहित कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। साइबर सिटी में भारी वर्षा को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट मोड में आ गया है और सभी एसडीएम फील्ड में पहुंच गए हैं।


No comments:
Post a Comment