'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने किया पौधरोपण
कहा- पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना भी सभी की जिम्मेदारी
मेरठ। वृहद पौधरोपण अभियान एवं वन महोत्सव-2026 के तहत सामाजिक वानिकी प्रभाग की ओर से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल पर्यावरण की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। वृक्ष हमें स्वच्छ वातावरण, ऑक्सीजन और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनके संरक्षण का भी संकल्प ले।
उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की।
एमएलसी ने कहा कि प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य जनभागीदारी से ही पूरा होगा और यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह, पर्यावरणविद् डॉ. मधु वत्स, लक्ष्य सहित अनेक अधिकारी, पर्यावरण प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment