'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत सीसीएसयू में 1000 पौधे लगाए
मेरठ। उत्तर प्रदेश शासन के 'एक पेड़ मां के नाम' वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत रविवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के तपोवन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यवाहक कुलपति प्रो. हरे कृष्ण ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' केवल एक स्लोगन नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें पेड़ बनाना भी सभी का दायित्व है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में करीब एक हजार फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। इनमें नीम, पीपल, जामुन, आम, अमरूद, बेल, आंवला, अर्जुन, शीशम, कदंब, अशोक, गुलमोहर और करंज सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह सहित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment