अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व की तैयारियां तेज, सुभारती विश्वविद्यालय में हुई शिक्षाविदों की बृहत बैठक
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय एवं भारत विकास परिषद, हस्तिनापुर प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में 21 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले "अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व" की तैयारियों को लेकर द मार्स रिसॉर्ट में मेरठ के प्रमुख विद्यालयों, महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों तथा समाजसेवियों की बृहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के करीब 90 शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए सुभारती समूह के संस्थापक एवं महापर्व के प्रणेता डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय मूल्यों के संवर्धन का जन-जागरण अभियान है। उन्होंने बताया कि महापर्व के अंतर्गत प्रदेशभर के विद्यालयों और महाविद्यालयों में पेंटिंग, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विशाल जन-जागरण रैली भी निकाली जाएगी। उन्होंने शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
भारत विकास परिषद, हस्तिनापुर प्रांत के अध्यक्ष सरल माधव ने कहा कि यह महापर्व युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों से आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी (सेनि.) ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। उन्होंने सुभारती विश्वविद्यालय के डिफेंस एवं स्ट्रेटिजिक स्टडीज़ विभाग तथा सुभारती डिफेंस अकादमी की गतिविधियों से भी उपस्थित जनों को अवगत कराया।
कार्यक्रम का संचालन सुभारती विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) ऋतेष चौधरी ने किया, जबकि समापन आईएनए गान के साथ हुआ।
बैठक में आरएसएस के प्रांत संगठन मंत्री डॉ. उमेश कुमार, के.एल. इंटरनेशनल स्कूल के तेजिंदर खुराना, राम सहाय इंटर कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. रजनीश त्यागी, विकास त्यागी, डॉ. लता शर्मा, समीर सिंह, कृष्ण कुंदारा, ओम सिंह राणा, अनिल अज्ञात, कंवरपाल फौजी, निशांत, गौरव सहित अनेक शिक्षाविद एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment