गाजियाबाद में गंदगी के बीच बन रही थी सोया चाप
खाद्य विभाग की छापेमारी में 200 किलो उत्पाद नष्ट
गाजियाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन स्थित गणेशपुरी भाटी चौक में संचालित ‘घनश्याम चाप’ नामक सोया चाप निर्माण इकाई पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी और बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में सोया चाप का निर्माण होता पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने करीब 200 किलोग्राम सोया चाप को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
खाद्य विभाग की टीम ने फैक्ट्री से रंगीन सोया चाप, सफेद सोया चाप और मैदा के तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 20 हजार रुपये मूल्य की 200 किलोग्राम सोया चाप गंदगी भरे वातावरण में तैयार की जा रही थी।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुरेश कुमार मिश्र ने बताया कि निर्माण इकाई का रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की सिफारिश की गई है। संचालक को आवश्यक सुधार किए जाने तक निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित इकाई के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि जिले में मिलावटी और अस्वच्छ तरीके से तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
बताया गया कि इससे पहले भी सोया चाप निर्माण इकाइयों से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में फैक्ट्री परिसर में जमीन पर रखी सोया चाप के ऊपर एक युवक के लेटकर नहाने का दावा किया गया था। वीडियो में कुछ अन्य युवक भी दिखाई दे रहे थे।
इन घटनाओं के सामने आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है। खाद्य विभाग ने लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की है।


No comments:
Post a Comment