छात्र के कक्षा में बंद रह जाने के मामले में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक निलंबित
मेरठ। प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर नंबर-1, विकासखंड सरूरपुर में एक छात्र के कक्षा में बंद रह जाने के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कराई गई जांच रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक और एक सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जांच में सामने आया कि विद्यालय की छुट्टी होने से पहले ही शिक्षक विद्यालय से चले गए थे। इसके बाद विद्यार्थियों से ही कक्षाओं में ताले लगवाए गए। विद्यालय बंद करने से पहले कक्षों का भौतिक सत्यापन भी नहीं किया गया, जिसके चलते एक छात्र कक्षा के अंदर ही बंद रह गया।
जांच में यह भी पाया गया कि शिक्षकों ने शासन के निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय तक विद्यालय में अपनी उपस्थिति नहीं दी। इसे गंभीर प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी लापरवाही मानते हुए विभाग ने कार्रवाई की।
प्रकरण में प्रधानाध्यापक राजीव कुमार और सहायक अध्यापक उमेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। वहीं, मामले से संबंधित अन्य सहायक अध्यापिकाओं की वार्षिक वेतनवृद्धि संचयित करने के साथ उन्हें भविष्य में इस तरह की लापरवाही न बरतने की कड़ी चेतावनी दी गई है।


No comments:
Post a Comment