डिस्कॉम मुख्यालय में जनसुनवाई, बिजली बिल और नए कनेक्शन समेत 14 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मेरठ।पीवीवीएनएल के ऊर्जा भवन स्थित मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने विभिन्न जनपदों से आए उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, बुलंदशहर, गाजियाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों से कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें नए बिजली कनेक्शन, बिजली बिल संशोधन, पोल और ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।

प्रबंध निदेशक ने सभी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं को प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा अन्य मामलों में नियमानुसार जांच कर निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने कहा कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना डिस्कॉम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर विद्युत सेवाओं को अधिक प्रभावी और उपभोक्ता हितैषी बनाना है। जनसुनवाई में निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया, निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन, निदेशक (तकनीकी) एन.के. मिश्र, निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर सहित मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts