उद्योग बंधु समिति की बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर मंथन, नाले और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

लोहियानगर कैंची क्लस्टर में पुलिस चौकी निर्माण को स्थानीय सहयोग से गति देने पर जोर

मेरठ। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त उद्योग ने मुख्य विकास अधिकारी, अधिकारियों और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों का स्वागत किया तथा बैठक का संचालन किया।

बैठक में लोहियानगर स्थित कैंची क्लस्टर में पुलिस चौकी की स्थापना के मुद्दे पर चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा चिन्हित भूमि पर स्थानीय स्तर पर सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग, मेरठ विकास प्राधिकरण और औद्योगिक संगठन के साथ समन्वय कर चौकी के निर्माण कार्य को आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाने को कहा।

मेवला फ्लाईओवर की सड़क के संबंध में नगर निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। इस पर आईआईए के सचिव ने अमर उजाला से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक बने नाले की फेंसिंग वाल की मरम्मत कराने का अनुरोध किया। अधिशासी अभियंता ने फेंसिंग वाल की मरम्मत का कार्य जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।

वहीं, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं मोहकमपुर फेस-प्रथम के मुख्य नाले के संबंध में नगर निगम के मुख्य अभियंता ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर से डीएन पॉलीटेक्निक कॉलेज तक नाले के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वित्तीय निविदा भी खोली जा चुकी है। स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर नगर आयुक्त, नगर निगम, अधिशासी अभियंता, नगर निगम, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, सहायक आयुक्त स्टांप सहित अन्य संबंधित अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts