पेपर लीक प्रकरण 

 पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, बोले- दोषियों को मिलेगा कठोर दंड, फास्ट ट्रैक कोर्ट का होगा गठन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने घोषणा की कि पेपर लीक से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और दोषियों को जल्द कठोर सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने गुरुवार सुबह अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी संदेश में कहा कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड दिलाने के लिए आवश्यक निर्देश संबंधित विभागों को दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है और यह फैसला उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

पीएम मोदी ने कहा, "देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण हेतु फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"

 बता दें  पेपर लीक के मुद्दे को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी गुरुवार को प्रदर्शन जारी रहा। इससे पहले बुधवार को प्रदर्शन के दौरान हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। ऐसे माहौल में प्रधानमंत्री का यह बयान सरकार की ओर से मामले पर सख्त कार्रवाई का संकेत माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts