बिजली कटौती और जर्जर लाइनों पर भड़के व्यापारी
जेई को हटाने की मांग, ऊर्जा भवन पहुंचकर जताया विरोध; अधीक्षण अभियंता के आश्वासन पर लौटे
मेरठ। शहर के भगत सिंह मार्केट, सोहराब गेट और शाहघासा बाजार में लगातार बिजली कटौती और जर्जर विद्युत लाइनों को लेकर सोमवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी पीवीवीएनएल कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
व्यापारियों ने क्षेत्रीय जेई देवराज को हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से कारोबार प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिला अध्यक्ष विष्णु दत्त पाराशर ने कहा कि शहर के कई बाजारों में बिजली संकट गंभीर रूप ले चुका है। इंदिरा चौक बिजलीघर से होने वाली आपूर्ति बार-बार बाधित होती है, लेकिन शिकायतों के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
महानगर अध्यक्ष अकरम गाजी ने विभाग पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विद्युत लाइनें काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं। कई बार तार बदलने जैसे कार्यों के लिए व्यापारियों से ही सामग्री उपलब्ध कराने को कहा जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन को और तेज करेंगे।
व्यापारियों ने जर्जर तारों और खराब विद्युत व्यवस्था से किसी बड़े हादसे की आशंका भी जताई। उन्होंने करीब 27 वर्ष पहले हुए अग्निकांड का हवाला देते हुए कहा कि लापरवाही दोबारा गंभीर घटना का कारण बन सकती है।
प्रदर्शन की सूचना पर अधीक्षण अभियंता (SE) मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से वार्ता की। उन्होंने समस्याओं की समीक्षा कर जल्द सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारी शांत हुए और वापस लौट गए।व्यापारियों ने कहा कि यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


No comments:
Post a Comment