नवजात की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

परिजनों ने लगाया इलाज में देरी का आरोप, पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया

मेरठ, 24 जुलाई। मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक निजी अस्पताल में नवजात की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक पर इलाज में देरी का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

जानकारी के अनुसार, हुमायूं नगर निवासी शोएब ने दो दिन पहले अपनी पत्नी को डिलीवरी के लिए शास्त्रीनगर आरटीओ के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि भर्ती के बाद महिला चिकित्सक ने प्रसव पीड़ा बढ़ाने के लिए इंजेक्शन दिए, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी डिलीवरी नहीं हो सकी। इसके बाद ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया।

परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान नवजात मृत पैदा हुआ, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद परिजन अस्पताल से लौट गए थे, लेकिन गुरुवार को दोबारा अस्पताल पहुंचकर उन्होंने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

परिजनों का कहना था कि समय पर इलाज नहीं मिलने और डिलीवरी में देरी के कारण नवजात की मौत हुई। वहीं, अस्पताल के चिकित्सकों ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि बच्चे की मौत गर्भ में ही हो चुकी थी और इसमें अस्पताल की कोई लापरवाही नहीं है।

हंगामे की सूचना पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई और स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद परिजन बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गए।

नौचंदी थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि पुलिस को हंगामे की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि मामला दो दिन पुराना है। दोनों पक्षों से बातचीत कराई गई, जिसके बाद मामला शांत हो गया। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts