शास्त्री नगर प्रकरण : सुप्रीम कोर्ट में व्यापारियों की पैरवी करेंगे सलमान खुर्शीद

सुनवाई से पहले व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने की मुलाकात, कानूनी रणनीति पर हुई चर्चा

मेरठ, 13 जुलाई। शास्त्री नगर प्रकरण में मंगलवार, 14 जुलाई को होने वाली सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले कानूनी तैयारियां तेज हो गई हैं। मामले में व्यापारियों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद सर्वोच्च न्यायालय में पक्ष रखेंगे।

सुनवाई से एक दिन पहले नई दिल्ली में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप जैन ने सलमान खुर्शीद से मुलाकात कर मामले के विभिन्न कानूनी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में अधिवक्ता राहुल मलिक और भविष्य मखीजा ने अब तक की न्यायिक प्रक्रिया तथा मामले की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। इस अवसर पर अमित गुप्ता और संयम जैन भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान शास्त्री नगर के व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों से जुड़े तथ्यों, कानूनी पक्ष और सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधियों ने व्यापारियों के पक्ष को प्रभावी ढंग से अदालत के समक्ष रखने की तैयारियों की समीक्षा की।

सुदीप जैन ने कहा कि व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है तथा उन्हें उम्मीद है कि सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष सभी तथ्य और कानूनी पहलू मजबूती से प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के व्यापारी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा बनाए रखें तथा सुनवाई तक शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखें। अब सभी की निगाहें 14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts