कमिश्नरी में तलवार लेकर पहुंची महिला अधिवक्ता, पुलिस ने किया रोककर तलवार जब्त

यूसीसी के विरोध में धरने की बात कही, पुलिस से हुई नोकझोंक

मेरठ, 13 जुलाई। मेरठ कमिश्नरी परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला अधिवक्ता हाथ में तलवार लेकर पहुंच गई। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत रोक लिया और पूछताछ शुरू की। घटना के दौरान पुलिस और महिला के बीच कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई।

महिला ने अपना नाम रेनू सिंह राणा बताया और स्वयं को अधिवक्ता तथा एक राजनीतिक संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष बताया। उसने कहा कि वह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के विरोध में 16 जुलाई से प्रस्तावित भूख हड़ताल के संबंध में वहां आई थी।

पुलिस अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थान पर तलवार लेकर आने पर आपत्ति जताई और उसे तलवार सौंपने के लिए कहा। महिला ने बताया कि तलवार उसकी पुश्तैनी है तथा वह उसे मरम्मत के लिए लेकर जा रही थी। उसका यह भी कहना था कि वह इसी तलवार के साथ कचहरी परिसर में घूम चुकी है, जहां किसी ने उसे नहीं रोका।

समझाने के बावजूद जब महिला तलवार देने को तैयार नहीं हुई तो महिला पुलिसकर्मियों ने उसके पास से तलवार और बैनर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान पुलिस और महिला के बीच तीखी बहस हुई। बाद में पुलिस ने बैनर वापस कर दिया, जबकि तलवार को जब्त कर थाने भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह और सिविल लाइन थाना प्रभारी सौरभ शुक्ला मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने महिला से पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

घटना के बाद कमिश्नरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी गई। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर आने की अनुमति नहीं है तथा मामले की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts