मेरठ में किसानों का हल्ला बोल
डीएम कार्यालय घेरने पहुंचे हजारों किसान; पुलिस ने रास्ते में रोका
मेरठ। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने जिला मुख्यालय की ओर कूच किया। मेरठ और आसपास के गांवों से पहुंचे किसानों के जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। किसानों के पहुंचने से पहले ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया और उन्हें रास्ते में रोक लिया गया। मौके पर पुलिस अधिकारियों और किसान नेताओं के बीच बातचीत का दौर चलता रहा।
भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि संगठन लंबे समय से किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहा है। गांवों में बढ़े बिजली लोड, स्मार्ट मीटर, तहसीलों में कथित भ्रष्टाचार और खराब सड़कों समेत कई मुद्दे किसान दिवस की बैठकों में भी उठाए गए, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि इन्हीं समस्याओं को लेकर संगठन ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। किसानों का कहना है कि उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।
प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। जिलाधिकारी कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने किसानों को आगे बढ़ने से रोकते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने किसान नेताओं से बातचीत कर प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की।
भाकियू नेताओं ने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय क्षेत्र में सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस की नजर रही।


No comments:
Post a Comment