बदन सिंह बद्दो के नाम पर कारोबारी से मांगी एक करोड़ की रंगदारी

बाइक सवार युवक ने बेगमपुल की दुकान पर पहुंचकर दी धमकी, व्यापारियों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा; नशे में होने की बात सामने आई

मेरठ। बेगमपुल क्षेत्र में एक घड़ी कारोबारी से कुख्यात बदमाश बदन सिंह बद्दो के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बाइक सवार युवक ने कारोबारी की दुकान पर पहुंचकर रकम का इंतजाम करने को कहा और कथित तौर पर रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। कारोबारी ने तत्काल यूपी-112 पर सूचना दी। इसके बाद आसपास के व्यापारियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस क्षेत्र के मोहनपुरी-विकासपुरी निवासी नितेश अग्रवाल और नीरज अग्रवाल की बेगमपुल स्थित ग्रीन होटल के पास घड़ी की दुकान है। बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बाइक सवार एक युवक दुकान पर पहुंचा। उसने नितेश अग्रवाल से कथित तौर पर कहा कि एक करोड़ रुपये का इंतजाम कर लो और यह रकम बदन सिंह बद्दो को भेजनी है।

व्यापारियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

बदन सिंह बद्दो का नाम सुनकर कारोबारी घबरा गए और उन्होंने तत्काल यूपी-112 पर सूचना दी। इसी बीच आसपास के व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस की पीआरवी मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

मामला बदन सिंह बद्दो के नाम से जुड़ा होने के कारण सदर बाजार पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा मौके पर पहुंचे और युवक को थाने ले जाकर पूछताछ की।

शराब के लिए रुपये जुटाने की बात कही

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान रोहित त्यागी, निवासी महवाला, किठौर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे शराब पीने के लिए रुपये चाहिए थे। उसका कहना था कि यदि वह खुद पैसे मांगता तो कोई नहीं देता, इसलिए उसने बदन सिंह बद्दो का नाम लेकर कारोबारी से रकम मांगने की योजना बनाई।

पुलिस ने आरोपी की बाइक कब्जे में ले ली है और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

बद्दो से संबंध की भी जांच

एसपी सिटी विनायक भोसले के अनुसार, पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि आरोपी का बदन सिंह बद्दो से कोई संबंध है या उसने शराब के नशे में डर पैदा करने के लिए उसका नाम लिया। कारोबारी की ओर से आरोपी के खिलाफ रंगदारी मांगने की तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts