कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एमडी ने लिया जायजा, निर्बाध बिजली आपूर्ति के दिए निर्देश
बुलंदशहर। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग के प्रबंध निदेशक ने शनिवार को बुलंदशहर का दौरा कर विद्युत व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर निर्बाध एवं सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र डीएम रोड एवं नीमखेड़ा के अंतर्गत आने वाले कांवड़ मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की विद्युत बाधा या दुर्घटना से बचाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
प्रबंध निदेशक ने बुलंदशहर के प्रसिद्ध श्री राजराजेश्वर महाराज मंदिर जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
दौरे के दौरान प्रबंध निदेशक ने वर्टिकल व्यवस्था के अंतर्गत शहरी क्षेत्र के सहायक अभियंता स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक कर वाणिज्यिक, तकनीकी तथा कांवड़ यात्रा संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


No comments:
Post a Comment