ज्योतिष विज्ञान जीवन की चुनौतियों का समाधान देने में सक्षम : योगेश मोहन गुप्ता

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘ज्योतिष और समाधान’ कार्यक्रम का शनिवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में देशभर से आए प्रख्यात ज्योतिषाचार्यों, विद्वानों और विशेषज्ञों ने ज्योतिष के विभिन्न आयामों पर विचार व्यक्त किए।

मुख्य अतिथि एवं आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता ने कहा कि ज्योतिष एक ऐसा विज्ञान है, जिसे सही रूप में समझकर व्यक्ति जीवन की अनेक चुनौतियों का विवेकपूर्ण समाधान कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारत में गुरुकुल शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग रही ज्योतिष विद्या को पुनः समाज में प्रतिष्ठित करने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय ज्ञान परंपरा को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि ज्योतिष के क्षेत्र में शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए सम्मान और रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता, उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. नंदकिशोर पुरोहित, आचार्य रमेश सोमवाल, धर्मेंद्र कुमार बंसल, डॉ. एच.एस. रावत, आचार्य सागर, गुरु माँ ऊषा सिंह, महामंडलेश्वर मीना सालवान, शिवसाधिका माँ विश्वरूपा, एस्ट्रो राजेश शर्मा तथा ज्योतिष विभाग की डीन डॉ. आशा त्यागी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंच संचालन एकता शर्मा ने किया।

अपने संबोधन में योगेश मोहन गुप्ता ने भारतीय परंपरा में ज्योतिष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग्य गुरु के मार्गदर्शन में इसका अध्ययन समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकता है। उन्होंने महाभारत प्रसंग का उल्लेख करते हुए समय और निर्णय के महत्व पर भी अपने विचार रखे।

पूर्व मंत्री डॉ. नंदकिशोर पुरोहित ने कहा कि ज्योतिष निर्णय और गणना का विज्ञान है, जो मानव जीवन के विभिन्न पक्षों को समझने में सहायक है। उन्होंने सुझाव दिया कि आईआईएमटी विश्वविद्यालय देशभर में ज्योतिष अध्ययन केंद्र स्थापित कर इस प्राचीन विद्या के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

आचार्य रमेश सोमवाल ने वैश्विक परिस्थितियों और ग्रह-नक्षत्रों के प्रभाव पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए विभिन्न ज्योतिषीय विश्लेषण साझा किए।

ज्योतिष विभाग की डीन डॉ. आशा त्यागी ने विभाग की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग के विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट प्राप्त हुआ है, जो गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का प्रमाण है।

कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों ने देशभर से आए ज्योतिषाचार्यों से व्यक्तिगत परामर्श प्राप्त किया, जबकि विभाग के विद्यार्थियों ने कुंडली विश्लेषण के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर निदेशक प्रशासन डॉ. संदीप कुमार, एडमिशन डीन डॉ. संगीत वशिष्ठ, सहायक प्राध्यापक हिमशिखा बंसल सहित विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष, संकाय अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts