रोजगार मेलों से युवाओं के सपने होंगे साकार
- वर्तमान वित्त वर्ष में 3291 रोजगार मेले और कैंपस प्लेसमेंट का होगा आयोजन
- क्षेत्रीय एवं जिला सेवायोजन विभाग को सौंपी गई जिम्मेदारी
- मेरठ में 7350 युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य
मेरठ। प्रदेश सरकार वित्त वर्ष 2026-27 में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर रोजगार मेलों और कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन करेगी। सरकार ने पूरे प्रदेश में 3291 रोजगार मेले एवं कैंपस प्लेसमेंट आयोजित कर तीन लाख 49 हजार 900 युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मेरठ जिले के लिए 7350 युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है।
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आईटीआई तथा माध्यमिक विद्यालयों के माध्यम से विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से भी जोड़ा जा रहा है।
इसी क्रम में सेवायोजन विभाग को प्रत्येक माह जिला स्तर पर रोजगार मेलों तथा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में कैंपस प्लेसमेंट आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। मेरठ में लक्ष्य पूरा करने के लिए 38 रोजगार मेले और 10 कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किए जाएंगे। अगस्त 2026 से जनवरी 2027 तक कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में कैंपस प्लेसमेंट होंगे, जिनके माध्यम से कम से कम 1350 युवाओं के चयन का लक्ष्य रखा गया है।
फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले रोजगार मेले में सर्वाधिक एक हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की योजना है। वहीं प्रदेश स्तर पर सितंबर 2026 में सर्वाधिक 420 रोजगार मेले एवं कैंपस प्लेसमेंट आयोजित कर लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जुलाई 2026 में प्रदेशभर में 183 कार्यक्रमों के माध्यम से 49 हजार 500 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की तैयारी है।
बीते वर्ष लक्ष्य से अधिक युवाओं को मिला रोजगार
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में जिले में 46 रोजगार मेलों के माध्यम से 7150 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य था। इसके विपरीत 57 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें साक्षात्कार के माध्यम से 8327 युवाओं को रोजगार मिला। उन्होंने बताया कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष रूप से 'पिंक रोजगार मेले' भी आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष भी अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।


No comments:
Post a Comment