पोर्टल की आंख में भी धूल झोंक रहे स्कूली वाहन

फिटनेस अपडेट होने के बावजूद सड़कों पर दौड़ रहे अनफिट और अवैध वाहन

मेरठ। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई ऑनलाइन पोर्टल व्यवस्था पर भी अब सवाल उठने लगे हैं। विभागीय जांच में सामने आ रहा है कि पोर्टल पर फिटनेस अपडेट होने के बावजूद बड़ी संख्या में अनफिट और अवैध स्कूली वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं।

करीब तीन माह पहले स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच और निगरानी के लिए पोर्टल शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक सभी स्कूली वाहनों की स्थिति पर नजर रखना था। लेकिन विभागीय अधिकारियों की जांच में कई ऐसे वाहन सामने आ रहे हैं, जो मानकों को पूरा नहीं करते हैं।

पोर्टल पर केवल नए वाहनों का डाटा अपडेट

सूत्रों के अनुसार, पोर्टल पर बड़ी संख्या में केवल नए वाहनों का डाटा अपडेट किया गया है, जबकि पुराने वाहनों की वास्तविक स्थिति अलग है। शहर में कई ऐसे स्कूली वाहन संचालित हो रहे हैं, जिनकी फिटनेस, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों में खामियां पाई जा रही हैं।

परिवहन विभाग के अनुसार, वर्तमान में 1200 से अधिक स्कूली वाहन फिटनेस प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जांच के दौरान अनफिट और अवैध वाहन लगातार मिल रहे हैं।

बिना मानकों के बच्चों को ढो रहे वाहन

स्कूलों की छुट्टी के समय शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में पीले रंग के वाहन दिखाई देते हैं, जिनमें कई वाहन सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरते। विभागीय जांच में ऐसे वाहनों की जानकारी सामने आने के बाद भी कई मामलों में संचालन जारी रहने की शिकायतें मिल रही हैं।

चालकों की जानकारी भी होनी है अपडेट

पोर्टल पर केवल वाहनों की फिटनेस ही नहीं, बल्कि चालकों से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जानी है। इसमें चालक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन चलाने का अनुभव, पुलिस सत्यापन, स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण प्रमाण पत्र सहित अन्य विवरण शामिल हैं।

अभिभावकों की मजबूरी भी बनी कारण

अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों की ट्रांसपोर्ट फीस काफी अधिक होने के कारण कई लोग स्थानीय वाहनों का सहारा लेने को मजबूर हैं। यदि स्कूलों के परिवहन शुल्क पर नियंत्रण हो और केवल फिट व पंजीकृत वाहनों को ही अनुमति मिले तो बच्चों की सुरक्षा बेहतर हो सकती है।

पोर्टल पर दर्ज होने वाली प्रमुख जानकारियां

  • वाहन पंजीकरण संख्या
  • वाहन का प्रकार और मॉडल
  • इंजन व चेसिस नंबर
  • वाहन स्वामी का नाम, पता और संपर्क विवरण
  • परमिट संख्या और वैधता
  • फिटनेस प्रमाण पत्र संख्या और वैधता
  • बीमा प्रमाण पत्र की जानकारी

परिवहन विभाग का कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts