कांवड़ यात्रा:

 फेक न्यूज फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई, दुकानों पर नेम प्लेट अनिवार्य – सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर दुकानदारों के लिए नेम प्लेट लगाना अनिवार्य होगा और फेक न्यूज या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मेरठ मॉडल की सराहना करते हुए उसे प्रदेश के सभी पुलिस जोनों में लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब कांवड़ यात्रा पूरे उत्तर प्रदेश का बड़ा आयोजन बन चुकी है, इसलिए सभी जिलों में समान स्तर की व्यवस्थाएं की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ मार्गों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम तथा चिकित्सा शिविरों में एंटी-वेनम और अन्य आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने को भी कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और मदिरा की दुकानें बंद रहें। खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और ओवररेटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रत्येक दुकान पर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। डीजे की आवाज भी निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों का तत्काल खंडन करने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, घाटों पर सुरक्षा बढ़ाने तथा संभावित कटान वाले इलाकों में पहले से सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा कोटेदारों के उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और बिजली उपभोक्ताओं की ओवर बिलिंग संबंधी शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रदेश में 30 जुलाई से सावन माह शुरू होगा, जबकि 3 अगस्त को पहला सावन सोमवार है। इस दौरान प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts