NEET पेपर लीक के विरोध में बिहार बंद 

कई जिलों में प्रदर्शन; 70 हजार जवान तैनात

पटना। NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और हालिया लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठन AISA और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) के आह्वान पर शुक्रवार को बिहार बंद का असर कई जिलों में देखने को मिला। राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन, सड़क जाम और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

समस्तीपुर में प्रदर्शनकारी छात्रों ने सड़क जाम कर आगजनी की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रशासन ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। सीवान में भी छात्र सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि जहानाबाद में पुलिस लगातार गश्त कर रही है।

राजधानी पटना में डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, करगिल चौक, इनकम टैक्स चौराहा, हाईकोर्ट, अशोक राजपथ, राजवंशी नगर मोड़, आशियाना और मुख्यमंत्री आवास के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बंद को देखते हुए पूरे बिहार में 70 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। स्थानीय पुलिस के अलावा CISF, BSF, SSB और CRPF के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। जेपी गोलंबर पर वाटर कैनन के साथ विशेष सुरक्षा बल तैनात है।

प्रदर्शन के मद्देनजर पटना, औरंगाबाद, बेगूसराय समेत कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। विधानसभा, पटना जंक्शन, एयरपोर्ट, राजेंद्र नगर टर्मिनल और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

मुख्य सचिव ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। डीजीपी ने उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। वहीं, पटना के जिलाधिकारी ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कठोर कार्रवाई की बात कही है।

बिहार बंद को राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, वाम दलों और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) का समर्थन मिला है। कांग्रेस ने भी NEET पेपर लीक के विरोध में राज्यभर में कैंडल मार्च निकालने की घोषणा की है।

इस बीच, 22 जुलाई को हुए प्रदर्शन और हिंसा के मामले में पुलिस ने कई छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts