वायरल वीडियो के बाद रेलवे का बड़ा एक्शन, फर्स्ट एसी कूपे में निजी डेकोरेटर की एंट्री पर टीटीई निलंबित
दंपति ने ऑनलाइन बुक कराया था डेकोरेशन, सुरक्षा में चूक मानते हुए विभागीय जांच शुरू
नई दिल्ली।
ट्रेन के फर्स्ट एसी कूपे में निजी डेकोरेटर से सजावट कराना रेलवे कर्मचारी पर भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने इसे सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक मानते हुए संबंधित टिकट चेकर (टीटीई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
रेल मंत्रालय के मुताबिक, 6 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 11002 नंदीग्राम एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक दंपति ने अपने फर्स्ट एसी कूपे को सजाने के लिए ऑनलाइन एक निजी डेकोरेटर की सेवाएं ली थीं। डेकोरेटर बिना अधिकृत अनुमति के ट्रेन में प्रवेश कर कूपे को फूलों और अन्य सजावटी सामग्री से सजाकर चला गया। बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि किसी बाहरी व्यक्ति का बिना अनुमति ट्रेन के एसी कोच में प्रवेश करना सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। इसी कारण संबंधित टीटीई को निलंबित कर विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई यात्री पूरा कूपे आरक्षित कर स्वयं उसे सजाता है तो उस पर कोई रोक नहीं है। लेकिन निजी डेकोरेटर या किसी अन्य बाहरी व्यक्ति को अधिकृत अनुमति के बिना ट्रेन में प्रवेश देना स्वीकार्य नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ ने इसे दंपति की निजी पसंद बताया, जबकि कई लोगों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। रेलवे का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment