छात्रा हत्याकांड में सरकार सख्त
प्रभारी मंत्री ने पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा
मेरठ। छात्रा हत्याकांड को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पूरे प्रकरण में पुलिस की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार इस संवेदनशील मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
असीम अरुण ने बताया कि यदि जांच में पुलिस अधिकारियों या कर्मचारियों की किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाना है।
उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने दोहराया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पूरी जांच पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ाई जा रही है।


No comments:
Post a Comment