बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने पर फोकस: जिला विद्युत समिति की बैठक में सांसद अरुण गोविल ने दिए सख्त निर्देश

मेरठ। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को लोकसभा सांसद अरुण गोविल की अध्यक्षता में जिला विद्युत समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, आरडीएसएस एवं एएमआईएसपी योजनाओं की प्रगति, विद्युत वितरण तंत्र, उपभोक्ता सेवाओं, शिकायतों के निस्तारण, ट्रांसफार्मरों की स्थिति तथा विद्युत चोरी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सांसद अरुण गोविल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती, खराब ट्रांसफार्मरों, जर्जर विद्युत लाइनों और बिलिंग संबंधी शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान किया जाए। साथ ही विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जनपद की वर्तमान बिजली आपूर्ति, विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता, लाइन लॉस में कमी तथा राजस्व वसूली की स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और सुझावों से अधिकारियों को अवगत कराया।

सांसद ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए विद्युत सेवाओं में लगातार सुधार लाया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक उपभोक्ता को बेहतर, सुरक्षित और सुगम विद्युत सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में राज्यसभा सांसद हरेंद्र मलिक, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, विधायक अमित अग्रवाल, गुलाम मोहम्मद, अतुल प्रधान, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, अश्वनी त्यागी, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts