'उड़ने की आशा' में सात साल का लीप, कंवर ढिल्लों ने ढाई साल बाद बदला अपना लुक
मुंबई। स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक 'उड़ने की आशा' में अब कहानी सात साल आगे बढ़ने जा रही है। इस बड़े लीप के साथ दर्शकों को सचिन और सायली की जिंदगी का नया अध्याय देखने को मिलेगा, जिसमें प्यार, बिछड़न, उम्मीद और भावनाओं से भरे कई नए मोड़ होंगे। इसी बदलाव के साथ अभिनेता कंवर ढिल्लों भी नए लुक में नजर आएंगे। उन्होंने अपने किरदार के लिए ढाई साल बाद पहली बार अपने बाल कटवाए हैं।
नई कहानी में सचिन और सायली अपनी बेटी पूर्णा के साथ नई जिंदगी शुरू करते हैं। दोनों इस बात से अनजान हैं कि उनका बेटा जीवित है और उनसे दूर कहीं पल-बढ़ रहा है। अपनों से बिछड़ने का दर्द अब भी उनकी जिंदगी का हिस्सा है, लेकिन आने वाले एपिसोड्स में कई भावनात्मक और अप्रत्याशित घटनाक्रम देखने को मिलेंगे।
अपने नए लुक और शो में आए बदलाव पर कंवर ढिल्लों ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में दर्शकों ने सचिन और सायली की यात्रा को केवल देखा ही नहीं, बल्कि उसे महसूस भी किया है। अब सभी यह जानने के लिए उत्साहित हैं कि सात साल बाद इन किरदारों की जिंदगी किस दिशा में आगे बढ़ेगी और उनके बच्चों की कहानी क्या नया मोड़ लाएगी।
उन्होंने कहा, "लीप के बाद की कहानी बेहद खूबसूरती से लिखी गई है। इसमें भावनाओं से भरपूर कई पल हैं। इस नए चरण के लिए मैंने अपने लुक में भी बदलाव किया है। ढाई साल बाद आखिरकार मैंने इस किरदार के लिए अपने बाल कटवाए हैं।"
'उड़ने की आशा' का नया अध्याय दर्शक रोज़ रात 8:30 बजे स्टार प्लस पर देख सकते हैं। यह शो जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध रहेगा।


No comments:
Post a Comment