राज्यपाल ने मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण

हॉस्टल, स्पोर्ट्स मेडिसिन और ग्रीन कैंपस पर दिए सुधार के निर्देश

मेरठ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, खेल अवसंरचना, छात्र सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय संस्थान बनाने के लिए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध विकास पर विशेष जोर दिया।

विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) दीप अहलावत ने उनका स्वागत किया। प्रशासनिक भवन में कुलपति ने विश्वविद्यालय की प्रगति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान को खेल विज्ञान, स्पोर्ट्स मेडिसिन, खेल प्रबंधन, अनुसंधान और हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाओं और शोध सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स मेडिसिन, फिजियोथेरेपी, पुनर्वास सेवाओं और अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र विकसित करने पर भी जोर दिया। कॉमन मेस का निरीक्षण करते हुए खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने बालक एवं बालिका छात्रावासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अध्ययन और मनोरंजन संबंधी सुविधाओं को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने को कहा। साथ ही बालिका छात्रावास की लॉन्ड्री को कमरों से बाहर स्थानांतरित करने का सुझाव दिया।

उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर को ग्रीन कैंपस के रूप में विकसित करने के लिए सोलर पैनल, जल संरक्षण, अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग और ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके अलावा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कराने तथा प्रदेशभर के स्कूलों में खेल प्रतिभा खोज अभियान चलाकर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय से जोड़ने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, खेल विभाग के विशेष सचिव कुमार विनीत, लोक निर्माण विभाग तथा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल ने विश्वास जताया कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय भविष्य में देश के अग्रणी खेल विश्वविद्यालयों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts