दहेज के लिए विवाहिता को पिलाया तेजाब
पत्नी पर आरोपी साली ने निकाह करने का बना रहा दबाव
उपचार के दौरान मौत, पति समेत 6 पर केस दर्ज
मेरठ। थाना लिसाडी गेट क्षेत्र के फतेउल्लापुर में दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने एक विवाहिता को तेजाब पिला दिया। बुधवार शाम हुई इस घटना के बाद महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
परिक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमर सिंहपुर निवासी रहीस ने अपनी बेटी मुस्कान का निकाह 19 फरवरी 2025 को फतेउल्लापुर निवासी नासिर के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से कराया था। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार करीब तीन लाख रुपये खर्च कर दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।
मृतका के पिता के अनुसार, शादी के बाद से ही पति नासिर, ससुर तहसीम, जेठ सलमान, जेठ अरबाज, जेठानी खुशबू और ननद गुलफशा लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की अंगूठी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर मुस्कान को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। कई बार समझौते के प्रयास भी हुए, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला।
परिजनों ने बताया कि 1 जुलाई की शाम उन्हें सूचना मिली कि मुस्कान को लैट्रिन साफ करने वाला तेजाब पिला दिया गया है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में मुस्कान को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है आरोपी पति उनके बेटी के बहन से जबरन निकाह करने का दबाव बना रहा था। जिसका उसकी बेटी विरोध करती थी। उसके चलते दामाद ने उनकी बेटी की जान ली।
मामले में सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति सहित छह आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।


No comments:
Post a Comment