ललिता गौतम हत्याकांड के बाद मेरठ में हाई अलर्ट, गांव थिरोट की घेराबंदी

मेरठ। बीए की छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड के बाद उत्पन्न तनाव को देखते हुए प्रशासन ने मृतका के गांव थिरोट में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव के सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा कारणों से बाहरी लोगों तथा मीडिया के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

प्रशासन ने यह कदम बुधवार को मेरठ कलेक्ट्रेट और कमिश्नरी के बाहर हुए प्रदर्शन और महापंचायत के बाद उठाया। पुलिस का कहना है कि माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, गांव में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। किसी भी बाहरी समूह या राजनीतिक संगठन की गतिविधियों से तनाव की स्थिति न बने, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि रोहटा क्षेत्र से लापता हुई बीए छात्रा ललिता गौतम का शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अंकुश समेत साक्ष्य मिटाने के आरोप में अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

वहीं, मृतका के परिजनों और कुछ स्थानीय संगठनों का आरोप है कि इस हत्याकांड में अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। इसी मांग को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन हुआ था, जहां स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान गांव में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोकने पर केंद्रित है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts