शहर में पहली बार लगा 'बरसात का कर्फ्यू', जलभराव वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर डायवर्ट किया गया ट्रैफिक
मेरठ। गुरुवार को करीब 12 घंटे तक रुक-रुक कर हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। हालात ऐसे बने कि पुलिस को पहली बार जलभराव वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोकना पड़ा। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। लगातार जलभराव के चलते शहर में इसे लोगों ने 'बरसात का कर्फ्यू' करार दिया।
बरसात के पानी से सड़कों का नामो निशान दिखाई नहीं दिया
बारिश के बाद दिल्ली रोड, रेलवे रोड, जली कोठी, मकबरा, सदर बाजार, घंटाघर, केसरगंज, ईदगाह चौराहा सहित कई प्रमुख मार्गों पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। कई स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी भर जाने से सड़क और नालियों का अंतर खत्म हो गया, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जलभराव वाले इलाकों में बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी और वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित कराया। अचानक बदले ट्रैफिक प्लान के कारण वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ा और कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
लोगों की जान बचाना पहला फर्ज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जलभराव के कारण सड़क और नालियां दिखाई नहीं दे रही थीं। ऐसे में किसी वाहन के खुले नाले या गड्ढे में फंसने अथवा दुर्घटना की आशंका को देखते हुए एहतियातन यह व्यवस्था लागू की गई। शहर में पहली बार बारिश के कारण इस स्तर पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा।
जलभराव कम करने के लिए दिनभर चलते रहे पंप
लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव कम करने के लिए नगर निगम की टीमें पूरे दिन सक्रिय रहीं। कई स्थानों पर बड़े पंप लगाकर सड़कों और मोहल्लों में भरे पानी को निकालने का कार्य किया गया।
दिल्ली रोड, जली कोठी, रेलवे रोड, माधवपुरम, ब्रह्मपुरी सहित जलभराव वाले इलाकों में निगम के पंप लगातार चलते रहे। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे तथा जहां आवश्यकता पड़ी, वहां अतिरिक्त पंप भी लगाए गए।
सड़कों पर उतरे नगर निगम के अधिकारी
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बारिश थमने के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों से तेजी से पानी निकालने का प्रयास किया गया, ताकि यातायात सामान्य हो सके और लोगों को राहत मिल सके। पूरे दिन निगम की टीमें शहर के विभिन्न हिस्सों में जल निकासी व्यवस्था की निगरानी करती रहीं।
रात भर मॉनिटरिंग करते रहे नगरायुक्त
गुरूवार को लगातार बरसात के कारण पूरे शहर में जलभराव के कारण नगरायुक्त सौरभ गंगवार निगम के अधिकारियों की मॉनेटिरंग करते नजर आए। रात भर उनके मोबाइल पर पार्षद व आम जनता के फोन घनघनाते रहे


No comments:
Post a Comment