स्टार प्लस के नए शो ‘ये फितूर तेरा’ की लॉन्च डेट का ऐलान
देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने साझा की सौम्या के किरदार से जुड़ाव की कहानी
मुंबई, जुलाई 2026। स्टार प्लस के नए शो ‘ये फितूर तेरा’ का दर्शकों को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। शो का प्रसारण 5 अगस्त से रात 8:30 बजे शुरू होगा। देबचंद्रिमा सिंघा रॉय और ईशान धवन अभिनीत यह शो सौम्या की कहानी पर आधारित है, जो इलाहाबाद की एक ऐसी लड़की है, जिसे हमेशा इस बात का डर सताता रहता है कि लोग उसके बारे में क्या सोचेंगे। यही डर उसे अपनी बात कहने और खुलकर सामने आने से रोकता है।
सौम्या की जिंदगी में नया मोड़ तब आता है, जब वह पहली बार एक को-एड कॉलेज में कदम रखती है। यहां उसे नई जगह, नए लोगों और नए रिश्तों का सामना करना पड़ता है। इसी सफर में उसकी मुलाकात जीत से होती है। हालांकि, सौम्या की असली लड़ाई किसी और से नहीं, बल्कि अपने भीतर बसे डर और झिझक से है।
सौम्या के किरदार के बारे में बात करते हुए देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने कहा कि यह भूमिका उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा, “सच कहूं, तो शुरू से ही मुझे सौम्या के लिए एक अलग-सी फीलिंग होने लगी थी। वह ऐसी लड़की है, जो सबसे बात करना चाहती है, सबसे जुड़ना चाहती है, लेकिन उसके अपने ही डर उसे हर बार रोक लेते हैं।”
उन्होंने कहा कि अक्सर लोग किसी शांत इंसान को देखकर यह मान लेते हैं कि वह स्वभाव से ही ऐसा है, लेकिन उसके मन में कितने सवाल और कितनी बातें चल रही होती हैं, यह कोई नहीं जानता। सौम्या का किरदार निभाते समय वह उसकी हर झिझक, रुकावट और खामोशी के पीछे छिपी वजह को समझने की कोशिश करती रहीं।
देबचंद्रिमा ने कहा, “शायद यही बात उसे मेरे लिए इतना सच्चा बनाती है। मुझे लगता है कि बहुत-सी लड़कियां खुद को सौम्या में कहीं न कहीं जरूर देखेंगी।” उन्होंने शो की लॉन्च डेट सामने आने पर खुशी जाहिर करते हुए दर्शकों से इसे देखने और प्यार देने की अपील की।
‘ये फितूर तेरा’ का प्रसारण 5 अगस्त से हर रात 8:30 बजे स्टार प्लस पर किया जाएगा। दर्शक इस शो को जियोहॉटस्टार पर भी कभी भी देख सकेंगे।


No comments:
Post a Comment