पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में हुआ वृक्षारोपण महायज्ञ
वन महोत्सव में बच्चों ने मुख्य अतिथियों के साथ लगाए विभिन्न प्रजातियों के पौधे
मेरठ। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, मेरठ कैंट में वन महोत्सव के अवसर पर “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” एवं “पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और धरती को हरा-भरा बनाने का संदेश देना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला वन अधिकारी (डीएफओ) सुश्री वंदना फोगट (आईएफएस) और जागरूक नागरिक एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर नीम, पीपल, बरगद, अशोक, अमरूद और गुलमोहर सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधे लगाए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि वंदना फोगट ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “एक पेड़ सौ बेटों के बराबर होता है। ‘पेड़ मां के नाम’ अभियान हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराता है। आज लगाया गया छोटा सा पौधा आने वाले समय में बड़ा वृक्ष बनकर हमें शुद्ध हवा और छाया प्रदान करेगा।”
उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ने अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीटीबीपीएस पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमेशा सजग रहा है। बच्चों को प्रकृति से जोड़ना और उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने “एक बच्चा, एक पेड़” का संकल्प लिया। शिक्षकों और छात्रों ने लगाए गए पौधों को गोद लेकर उनकी देखभाल करने का प्रण भी लिया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्यों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


No comments:
Post a Comment