न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर शुरू हुआ हाई-कैपेसिटी ईवी चार्जिंग स्टेशन, एक साथ चार्ज होंगे कई वाहन
नई दिल्ली। न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर जनता के लिए हाई-कैपेसिटी इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) चार्जिंग स्टेशन शुरू कर दिया गया है। हरित एवं सतत परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित यह सुविधा दिल्ली के सबसे बड़े सार्वजनिक अल्ट्रा-फास्ट ईवी चार्जिंग स्टेशनों में से एक मानी जा रही है।
चार्जिंग स्टेशन पर कुल 14 डीसी चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं, जिनकी मदद से निजी और व्यावसायिक इलेक्ट्रिक वाहन तथा इलेक्ट्रिक बसों को एक साथ चार्ज किया जा सकेगा। इनमें 240 किलोवाट के सात डीसी चार्जिंग पॉइंट, 360 किलोवाट के चार अल्ट्रा-फास्ट डीसी चार्जिंग पॉइंट तथा भारी-भरकम इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 480 किलोवाट के तीन अल्ट्रा-फास्ट डीसी चार्जिंग पॉइंट शामिल हैं।
इस सुविधा में सुरक्षित और विश्वसनीय चार्जिंग के लिए आधुनिक सुरक्षा एवं मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं। उपयोगकर्ता मोबाइल ऐप के माध्यम से चार्जिंग स्टेशन की लोकेशन, उपलब्धता और चार्जिंग सेवाओं का आसानी से उपयोग कर सकेंगे।
चार्जिंग स्टेशन शुरू होने से नमो भारत के वे यात्री, जो निजी इलेक्ट्रिक वाहनों से स्टेशन तक पहुंचते हैं, अब यात्रा के दौरान अपने वाहन आसानी से चार्ज कर सकेंगे। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों के ईवी उपयोगकर्ताओं को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। अधिकारियों का मानना है कि बेहतर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध होने से इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को और बढ़ावा मिलेगा।
एनसीआरटीसी के अनुसार, इस नई सुविधा के साथ अब कुल नौ नमो भारत स्टेशनों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध हो गए हैं। इनमें साहिबाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, आनंद विहार और न्यू अशोक नगर स्टेशन शामिल हैं। इससे पहले इसी वर्ष आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर भी हाई-कैपेसिटी ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया था।
एनसीआरटीसी का कहना है कि नमो भारत नेटवर्क के साथ ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को जोड़ने का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ हरित एवं सतत शहरी परिवहन को बढ़ावा देना है। संस्था नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग, ऊर्जा-कुशल बुनियादी ढांचे के विकास और बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।


No comments:
Post a Comment