भारत में पहली बार होगा बिग बैश लीग का आगाज, चेन्नई में खेला जाएगा उद्घाटन मुकाबला
मेलबर्न/सिडनी, एजेंसी। ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता बिग बैश लीग (बीबीएल) का 2026-27 सत्र पहली बार ऑस्ट्रेलिया से बाहर शुरू होगा। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त घोषणा करते हुए बताया कि बीबीएल-16 का उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, ऐतिहासिक मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने होंगे। इस मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स को औपचारिक रूप से मेजबान टीम माना जाएगा। यह पहली बार होगा जब बिग बैश लीग का कोई आधिकारिक मैच ऑस्ट्रेलिया के बाहर आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री अल्बानीज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग को नई दिशा देने के लिए एक संयुक्त स्पोर्ट्स रोडमैप भी जारी किया। इसका उद्देश्य खेलों के क्षेत्र में दोनों देशों के सहयोग को मजबूत करना, क्षमता निर्माण, खेल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अनुसंधान को बढ़ावा देना तथा उद्योग और निवेश के नए अवसर विकसित करना है।
दोनों देशों का मानना है कि यह पहल खेलों के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी नई गति देगी। ऑस्ट्रेलिया 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी की तैयारी कर रहा है, जबकि भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के शताब्दी संस्करण की मेजबानी की दिशा में प्रयासरत है।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों देशों में खेलों के प्रति गहरा उत्साह है। नया स्पोर्ट्स रोडमैप खेल प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, प्रशिक्षण और बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के संचालन में साझेदारी को मजबूत करेगा, जिससे द्विपक्षीय संबंधों के साथ आर्थिक सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।


No comments:
Post a Comment