ऑन ड्यूटी डीएसएस की पिटाई पर आक्रोश

शताब्दी रोकने की चेतावनी, डीआरएम दफ्तर पर जोरदार प्रदर्शन
आगरा (एजेंसी)। आगरा कैंट स्थित डीआरएम कार्यालय पर ऑन ड्यूटी डीएसएस से मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। डीआरएम की ओर से एक घंटे में कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद कोई ठोस कदम न उठने पर प्रदर्शनकारियों का आक्रोश बढ़ गया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शताब्दी एक्सप्रेस को रोककर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन के बैनर तले कैंट स्थित डीआरएम कार्यालय पर लगातार धरना-प्रदर्शन जारी है। दिल्ली से पहुंचे संगठन के जनरल सेक्रेटरी शरत चंद पुरोहित ने कहा कि घटना के 48 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि यदि यही घटना किसी आम नागरिक के साथ हुई होती तो पुलिस तत्काल गिरफ्तारी कर जेल भेज देती।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दोषी कर्मचारियों को निलंबित किए जाने के बाद भी कुछ आरोपी दिल्ली पहुंचकर मामले को रफा-दफा करने और माफी मांगने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि निलंबित कर्मचारी मुख्यालय कैसे छोड़ सकते हैं और उन्हें किस स्तर से संरक्षण मिल रहा है। इसकी भी जांच होनी चाहिए।

पीड़ित अधिकारी की पत्नी हरेंद्री देवी ने कहा कि जब तक उनके पति को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों को बर्खास्त कर गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक परिवार धरना स्थल से नहीं हटेगा। भाई ना होने पर हुए ट्रैक पर जाकर के अपनी जान दे देंगी उन्होंने कहा कि वह अपने पति के स्वाभिमान की लड़ाई अंत तक लड़ेंगी।
इस बीच रेलवे की ओर से गठित जांच समिति ने कुछ आरोपियों से पूछताछ की है। कुछ देर बाद डीआरएम गगन गोयल प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन कार्रवाई का स्वरूप स्पष्ट नहीं किया। इससे प्रदर्शनकारियों का आक्रोश कम नहीं हुआ और उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो शताब्दी एक्सप्रेस को रोककर आंदोलन तेज किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts