चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, भारी बारिश और भूस्खलन से बिगड़े हालात
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला, मौसम अनुकूल होने पर फिर शुरू होगी यात्रा
हरिद्वार, 28 जुलाई। उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। यात्रा मंगलवार और बुधवार को स्थगित रहेगी। प्रशासन ने यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
गढ़वाल मंडल के आयुक्त की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, चारधाम यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए आज और कल चारधाम यात्रा स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।
प्रशासन के मुताबिक, मौसम की स्थिति अनुकूल होने और यात्रा मार्ग सुरक्षित होने के बाद चारधाम यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा यात्रा दोबारा शुरू होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहें।


No comments:
Post a Comment