चंबा में खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत; मृतकों में बच्चा भी शामिल

पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा, पीजीआई चंडीगढ़ से लौट रहा था परिवार

चंबा, 28 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। हादसा पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के लाहड़ के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ऑल्टो कार भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गैहरा निवासी पप्पू राणा की बताई जा रही है। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ग्राम पंचायत गैहरा की प्रधान इंदू के मुताबिक, कार में सवार परिवार पीजीआई चंडीगढ़ से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

एसपी विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना सोमवार देर रात हुई। हादसे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान समेत अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

हादसे की खबर के बाद मृतकों के परिजनों और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts