महालक्ष्मी एक्सप्रेस के एक कोच में उठा धुआं, यात्रियों में मचा हड़कंप; जांच के बाद ट्रेन रवाना

कर्जत के मंकी हिल सेक्शन में घटना, शॉर्ट सर्किट की आशंका; कोई हताहत नहीं

मुंबई, 28 जुलाई। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मंगलवार सुबह कोल्हापुर से मुंबई जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस के एक कोच में अचानक धुआं उठने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना मुंबई से करीब 90 किलोमीटर दूर कर्जत के मंकी हिल सेक्शन के पास हुई। सूचना मिलते ही रेलवे और जीआरपी के अधिकारी सक्रिय हुए और ट्रेन को कुछ देर के लिए रोककर प्रभावित कोच की जांच की गई।

अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में धुआं उठने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, घटना में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।

कर्जत जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किरण मटकर ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन को सुबह करीब 5:30 बजे कर्जत स्टेशन से गुजरना था, लेकिन कोच में धुआं दिखाई देने के कारण ट्रेन को कुछ देर रोका गया। आवश्यक जांच और कार्रवाई पूरी करने के बाद ट्रेन करीब 6:15 बजे आगे के लिए रवाना हो गई।

धौली एक्सप्रेस के कोच में भी उठा था धुआं

इससे पहले रविवार रात ओडिशा के बालासोर जिले में धौली एक्सप्रेस के एक कोच में धुआं उठने की घटना सामने आई थी। ट्रेन पश्चिम बंगाल के हावड़ा से पुरी जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 10:45 बजे मारकोना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के एसएलआरडी (सीटिंग-कम-लगेज रेक) कोच में धुआं देखा गया था।

घटना के बाद प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया, जिसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। ईस्ट कोस्ट रेलवे के मुताबिक, घटना में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं थी। धुआं उठने के कारणों की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts