सहारनपुर में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, खड़े ट्रक से टकराई बाइक
सहारनपुर। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा तल्हेड़ी बुजुर्ग स्थित एक बैंक के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकराने के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे दोनों युवक बाइक से देवबंद की ओर से सहारनपुर जा रहे थे। तल्हेड़ी बुजुर्ग के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच अधिकारी लोकेश राणा ने बताया कि एक मृतक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड से कमरे आलम, निवासी कुंदरकी, मुरादाबाद के रूप में हुई है।
दूसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसके पास मिले मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। साथ ही फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश भी की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


No comments:
Post a Comment