1. स्कूल में चाकू-चापड़ लेकर पहुंची प्रधानाध्यापिका, दहशत में भागे बच्चे

    कौशांबी के प्राथमिक विद्यालय में मचा हड़कंप, पुलिस पहुंची मौके पर; विभाग ने शुरू की कार्रवाई

    कौशांबी। जिले के लुकिया डोरमा प्राथमिक विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शिखा सिंह अपने बैग में चाकू और चापड़ लेकर पहुंच गईं। शिक्षिका ने जैसे ही बैग से हथियार निकालकर हाथ में लिए, स्कूल में मौजूद बच्चे डर गए और दहशत में विद्यालय छोड़कर अपने घर भाग गए।

    घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक स्कूल पहुंचे। वहां का नजारा देखकर वे भी हैरान रह गए। मामले की सूचना बीआरसी और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पर खंड शिक्षा अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद स्थिति को संभाला गया।

    सुरक्षा के लिए साथ लाने की बताई वजह

    पूछताछ में प्रधानाध्यापिका ने बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए चाकू और चापड़ साथ लेकर आई थीं। हालांकि उनकी इस हरकत से विद्यालय में भय का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

    परिजनों ने बताई मानसिक परेशानी

    खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका के परिवार से संपर्क किया। उनके पति ने बताया कि वह कुछ समय से बीमार चल रही हैं और उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है, जिसके कारण वह ऐसी हरकत कर रही हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद प्रधानाध्यापिका को उनके सुपुर्द कर इलाज की सलाह दी गई।

    विभाग ने शुरू की निलंबन की कार्रवाई

    बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा गया। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों की ओर से एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। साथ ही विभागीय नियमों के अनुसार निलंबन की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

    उन्होंने कहा कि विद्यालय जैसे स्थान पर इस तरह की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts